रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति तक समय पर हर जरूरी सहायता पहुंचाई जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं और अन्य आवश्यक सेवाएं बिना किसी देरी के उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही जलभराव वाले इलाकों में तेजी से जलनिकासी की व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन और सहायता भी तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक समय पर राहत पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ प्रभावित नागरिकों के साथ खड़ी है तथा बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
