EPFO ने बदल दिए नियम! अब वेबसाइट से नहीं होगा UAN एक्टिवेट, हर प्राइवेट कर्मचारी को करना होगा ये नया काम

 

नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने देश के करोड़ों प्राइवेट कर्मचारियों के लिए बड़ा बदलाव किया है। अब यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) को एक्टिवेट करने या नया UAN जनरेट करने की सुविधा EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं होगी। इसके बजाय यह सुविधा अब उमंग (UMANG) ऐप के जरिए मिलेगी। इसके साथ ही सुरक्षा बढ़ाने के लिए आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन (Face Authentication) भी अनिवार्य कर दिया गया है।

EPFO के अनुसार, डेटाबेस कंसॉलिडेशन और सॉफ्टवेयर अपग्रेड के बाद ऑनलाइन सेवाओं को अधिक सुरक्षित और तेज बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। अब सभी नए UAN से जुड़े कार्य उमंग ऐप के माध्यम से ही पूरे किए जाएंगे।

ऐसे करें UMANG ऐप से UAN एक्टिवेट

यदि आप अपना UAN एक्टिवेट करना चाहते हैं, तो ये आसान स्टेप्स फॉलो करें—

  • UMANG ऐप डाउनलोड कर लॉगिन करें।
  • ‘UAN Services Through Face Auth’ विकल्प चुनें।
  • ‘UAN Allotment and Activation’ पर क्लिक करें।
  • अपना UAN नंबर, आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
  • कंसेंट बॉक्स पर टिक करें और ‘Send OTP’ पर क्लिक करें।
  • OTP सत्यापन और फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करें।
  • यदि आपका UAN पहले से एक्टिव है, तो स्क्रीन पर “The UAN entered is already activated” का संदेश दिखाई देगा।

EPF पर 8.25% ब्याज रहेगा जारी

इस बीच वित्त मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF जमा राशि पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। लगातार तीसरे साल EPFO सदस्यों को इसी दर से ब्याज मिलेगा, जिससे करोड़ों कर्मचारियों को राहत मिलेगी।

निकासी के नियम भी जान लें

EPFO के नियमों के मुताबिक, नौकरी के दौरान सदस्य अपने EPF खाते से अधिकतम 75% राशि ही निकाल सकते हैं। खाते में कम से कम 25% बैलेंस बनाए रखना आवश्यक है। वहीं, पूरी राशि (Full Settlement) केवल नौकरी छोड़ने या निर्धारित पात्रता की स्थिति में ही निकाली जा सकती है।

EPFO ने सदस्यों से अपील की है कि वे किसी भी सेवा का उपयोग केवल आधिकारिक माध्यमों से करें और अपने आधार व मोबाइल नंबर को अपडेट रखें, ताकि नई डिजिटल सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।