महादेव ऐप केस में बढ़ीं शेफाली बग्गा की मुश्किलें! तीसरे दिन भी ED की मैराथन पूछताछ, जांच में सामने आए नए एंगल

 

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इस बहुचर्चित मामले में मशहूर टीवी होस्ट शेफाली बग्गा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ईडी आज लगातार तीसरे दिन भी उनसे पूछताछ करेगी। इससे पहले दूसरे दिन एजेंसी ने करीब आठ घंटे तक उनसे विस्तृत पूछताछ की थी।

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी शेफाली बग्गा से विदेश से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के कथित प्रचार-प्रसार और उनसे जुड़े टेलीग्राम चैनलों के संचालन को लेकर सवाल कर रही है। जांच के दौरान ऐसे डिजिटल साक्ष्य मिलने की भी बात सामने आ रही है, जिनकी ईडी पड़ताल कर रही है।

इन आरोपों पर केंद्रित है जांच

सूत्रों के मुताबिक, ईडी यह जांच कर रही है कि क्या विदेश से संचालित ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स के प्रचार में शेफाली बग्गा की कोई भूमिका थी। साथ ही कथित रूप से बेटिंग से जुड़े टेलीग्राम चैनलों के संचालन और उनसे जुड़े वित्तीय लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

खंजन ठक्कर से कथित संबंधों की भी पड़ताल

इस मामले में ईडी का एक प्रमुख फोकस खंजन जगदीश कुमार ठक्कर और शेफाली बग्गा के बीच कथित संबंधों की जांच है। एजेंसी हवाला नेटवर्क, ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल ईडी की जांच जारी है और एजेंसी ने इस मामले में कोई आधिकारिक निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया है। आरोपों की जांच की जा रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।