बारिश ने रोक दी रेल की रफ्तार! बिलासपुर में ट्रैक डूबे, 5 लोकल ट्रेनें रद्द, कई एक्सप्रेस घंटों तक फंसीं

 

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेलवे संचालन पर भी साफ दिखाई देने लगा है। बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में भारी जलभराव के कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोनल स्टेशन और रेलवे यार्ड की पटरियां पानी में डूब गई हैं। हालात इतने गंभीर हो गए कि रेलवे को सुरक्षा के मद्देनजर पांच मेमू (लोकल) ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जबकि कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को घंटों तक स्टेशन और आउटर पर रोककर नियंत्रित किया गया।

रेलवे नियंत्रण कक्ष के अनुसार, बिलासपुर रेलवे यार्ड में पानी भरने से सिग्नलिंग और ट्रैक सर्किट सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया है। तकनीकी बाधा के चलते ट्रेनों का सुरक्षित संचालन प्रभावित हुआ, जिसके बाद रेलवे प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रायपुर, कोरबा और रायगढ़ रूट पर चलने वाली पांच लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया।

इस बीच ज्ञानेश्वरी सुपरडीलक्स, हावड़ा-मुंबई मेल समेत कई लंबी दूरी की महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों को भी बिलासपुर स्टेशन और बाहरी आउटर पर काफी देर तक रोककर रखा गया। यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे स्टेशन पर भीड़ बढ़ गई।

रेलवे इंजीनियरों के मुताबिक, जब तक यार्ड का ट्रैक सर्किट पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाता, तब तक ट्रेनों को पायलटिंग और मैनुअल गाइडेंस के जरिए बेहद धीमी गति से रेलवे यार्ड से निकाला जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।