दिल्ली/रायपुर। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मॉनसून की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए देश के कई राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक उत्तर, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश के चलते जलभराव, भूस्खलन और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका भी जताई गई है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 18 से 23 जुलाई के बीच व्यापक बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वहीं दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी मौसम करवट लेने वाला है। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ 20 से 22 जुलाई के बीच कई स्थानों पर तेज बारिश होने का अनुमान है, जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी सक्रिय रहेगा मॉनसून
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 से 21 जुलाई तक और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 से 23 जुलाई के बीच भारी बारिश का अनुमान है। वहीं विदर्भ में भी तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
यूपी, बिहार और पूर्वी भारत में भी बारिश का दौर
पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 से 23 जुलाई तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी अगले कुछ दिनों तक व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बरसेंगे बादल
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है।
वहीं कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र, केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
IMD की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। किसानों और आम नागरिकों को भी मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।
