‘अब पद की उम्मीद छोड़िए…’ भाजपा नेताओं को डॉ. रमन सिंह की दो टूक, चुनाव से पहले दे दिया बड़ा संदेश

 

कवर्धा। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगले चुनाव में अब करीब ढाई साल का समय ही बचा है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को पद की अपेक्षा छोड़कर संगठन और सरकार को मजबूत बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।

भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि ढाई साल पहले प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, जिसने छत्तीसगढ़ की छवि को नुकसान पहुंचाया। अब भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि ऐसी स्थिति दोबारा न बनने दें और पार्टी को फिर से मजबूत जनसमर्थन दिलाएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के भी ढाई वर्ष पूरे हो चुके हैं और अब शेष कार्यकाल में संगठन और सरकार के काम को जनता तक पहुंचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए।

इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट शब्दों में कहा कि संगठन और राजनीतिक स्तर के लगभग सभी पद भर चुके हैं, इसलिए अब पद को लेकर किसी तरह की नाराजगी या मनमुटाव रखने की जरूरत नहीं है। पार्टी समय और आवश्यकता के अनुसार सभी कार्यकर्ताओं को अवसर देती है।

अपने करीब 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी किसी पद की मांग नहीं की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को सर्वोपरि मानने, पार्टी नेतृत्व के निर्णयों पर विश्वास रखने और एकजुट होकर आगामी चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया।