पत्नी के प्रेमी को खुद बुलाया घर… रात 3 बजे उठाया कुल्हाड़ी और फिर जो हुआ, उसने पूरे गांव को हिला दिया

 

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध संबंध के शक ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को जन्म दे दिया। पत्नी के प्रेम प्रसंग से नाराज एक पति ने पहले कथित प्रेमी को अपने घर बुलाया, उसके साथ खाना खाया और रात में सभी के सो जाने के बाद कुल्हाड़ी से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मामला केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह का है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांव निवासी पूर्णिमा सोरी (31) का पिछले लगभग एक वर्ष से मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के साथ प्रेम संबंध था। शंकर समय-समय पर उससे मिलने गांव आता था। कुछ दिन पहले पूर्णिमा भी अपनी दो बेटियों के साथ शंकर के घर गई थी और कुछ दिनों बाद वापस लौटी थी।

इसी बात से नाराज पति योगेंद्र सोरी ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची। 8 जुलाई को जब शंकर बाजार कुर्रीडीह पहुंचा तो योगेंद्र ने पत्नी के माध्यम से उसे घर बुला लिया। रात में भोजन के बाद परिवार और शंकर एक ही हॉल में सो गए।

बताया जा रहा है कि रात करीब 3 बजे योगेंद्र ने सो रहे शंकर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गले पर गंभीर वार होने से शंकर लहूलुहान हो गया। उसे तत्काल 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की और आरोपी योगेंद्र सोरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। इस बीच यह अफवाह भी फैली कि मृतक पुलिस जवान था। हालांकि पुलिस ने इसका खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि मृतक किसी भी पुलिस या सुरक्षा बल का सदस्य नहीं था। मामले की आगे की जांच जारी है।