सूरजपुर के प्राथमिक स्कूल का मामला, स्कूल परिसर के बाहर जमीन पर लेटे मिले हेडमास्टर, अभद्र भाषा का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय।

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचे और स्कूल परिसर के बाहर जमीन पर लेटकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा है।

जानकारी के अनुसार, मामला रामानुजनगर ब्लॉक के ग्राम शाल्ही स्थित खोरखोरीपारा प्राथमिक स्कूल का है। यहां पदस्थ हेडमास्टर हरिनंदन सिंह कथित रूप से स्कूल समय के दौरान नशे की हालत में पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उनकी स्थिति ऐसी थी कि वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।

वायरल वीडियो में हेडमास्टर जमीन पर लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है।

हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले के सामने आने के बाद अब सबकी नजर शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।