छत्तीसगढ़ में देर शाम बड़ा IAS फेरबदल! अचानक हटाए गए GPM कलेक्टर, 5 अफसरों के बदले प्रभार, देखें किसे मिली नई जिम्मेदारी

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 5 आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। इस फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में हुआ है, जहां कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को उनके पद से हटाकर मंत्रालय में नई जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा महानदी भवन से जारी आदेश के अनुसार, संतोष कुमार देवांगन को स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि उन्हें करीब दो महीने पहले ही GPM जिले का कलेक्टर बनाया गया था।

उनकी जगह तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

इन IAS अधिकारियों के भी बदले प्रभार

जारी आदेश के अनुसार—

  • हेमंत रमेश नंदनवार (IAS 2020) को महासमुंद जिला पंचायत के CEO पद से हटाकर संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण बनाया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण (CSSDA) के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
  • सुमित अग्रवाल (IAS 2021), जो अब तक दुर्ग नगर निगम के आयुक्त थे, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही रिमिजियस एक्का (IAS 2011) को इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
  • अनुपमा आनंद (IAS 2023), जो वर्तमान में सरायपाली (महासमुंद) की एसडीएम हैं, उन्हें पदोन्नत कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत महासमुंद नियुक्त किया गया है।

राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।