कोतवाली से पुलिस को चकमा देकर फरार हुई महिला! थाने में मचा हड़कंप, SP ने तुरंत 3 आरक्षकों पर गिराई गाज

 

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस कस्टडी से चोरी की एक आरोपी महिला के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

निलंबित आरक्षकों में शिव कुमार ध्रुव, पूर्णिमा ठाकुर और उमेश निषाद शामिल हैं। विभागीय स्तर पर मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।

एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि चोरी के मामले में आरोपी रेखा सोरी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर कोतवाली थाना परिसर से फरार हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की समीक्षा की और ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर तीनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया।

पुलिस ने फरार महिला के खिलाफ एक और मामला दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।