धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कथित अवैध संबंध के चलते एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में मिले युवक पर टंगिया से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगभग एक वर्ष पहले उसकी मोबाइल फोन के माध्यम से गांव की एक महिला से पहचान हुई थी। पुलिस के अनुसार, जांच में यह बात भी सामने आई है कि युवक ने कथित तौर पर खुद को सेना का जवान बताकर महिला से संपर्क बनाया था। इस दावे की भी पुलिस जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को शंकर सूर्यवंशी महिला से मिलने धमतरी पहुंचा था और रात में महिला के घर पर ही रुका हुआ था। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों को कथित रूप से आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद गुस्से में उसने टंगिया से युवक पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
