बिलासपुर में बारिश बनी आफत! कई गांव बाढ़ में घिरे, दर्जनों घर टापू बने; रातभर पानी में फंसे परिवार

 

बिलासपुर।

लगातार हो रही भारी बारिश ने बिलासपुर जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई गांव और बस्तियां बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। कई इलाकों में घरों के चारों ओर पानी भर जाने से वे टापू में तब्दील हो गए हैं। हालात ऐसे बन गए कि कई परिवारों को अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।

दोमहानी में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर

बिलासपुर-दोमहानी क्षेत्र में बाढ़ का असर सबसे अधिक देखने को मिला। यहां 10 से अधिक मकान चारों ओर से पानी से घिर गए, जिससे कई परिवार पूरी रात घरों में फंसे रहे। इनमें छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जो लंबे समय तक पानी से घिरे रहने के कारण भूख-प्यास से परेशान रहे। लगातार बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

सरकंडा में घरों में घुसा पानी

शहर के सरकंडा बंधवापारा इलाके में भी बारिश का पानी घरों में घुस गया। जलभराव के कारण कई परिवारों को अपने घर खाली करने पड़े। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा।

प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य

सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम प्रभावित इलाकों में पहुंच गई। बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार राहत कार्य तेज किए जा रहे हैं।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ समय तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।