बिलासपुर 06 जून 2026: NEET पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद भिलाई विधायक देवेंद्र यादव एक नए विवाद के केंद्र में आ गए हैं। जिस घटना को लेकर अब तक पुलिस पर आरोप लगाए जा रहे थे, उसी मामले में सामने आए एक वायरल वीडियो ने पूरे घटनाक्रम पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहे वीडियो में दावा किया जा रहा है कि विधायक देवेंद्र यादव स्वयं अपना कुर्ता फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
दरअसल, NSUI कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के आवास का घेराव करने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की भी हुई। घटना के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उनका कुर्ता फाड़ दिया गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
लेकिन अब वायरल हो रहे कथित वीडियो ने इस दावे को कटघरे में खड़ा कर दिया है। वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य को लेकर दावा किया जा रहा है कि विधायक खुद अपना कुर्ता फाड़ रहे हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है। विपक्षी दलों के नेताओं और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस मामले को लेकर कई सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।
इधर, प्रदर्शन से जुड़े एक अन्य मामले में प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाया है। जानकारी के मुताबिक प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने और बिना अनुमति कलेक्ट्रेट घेराव करने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने विधायक देवेंद्र यादव समेत नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वायरल वीडियो और दर्ज एफआईआर के बाद यह मामला अब केवल प्रदर्शन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच नया मोड़ ले चुका है। आने वाले दिनों में इस विवाद पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।
