रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य शासन ने सभी जिलों के कलेक्टरों और विभागीय अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए समारोह को गरिमामय, भव्य और प्रेरणादायी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस वर्ष का आयोजन इसलिए भी विशेष होगा क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रायपुर में सुबह 9 बजे होगा मुख्य समारोह
राज्य स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश देंगे।
‘वंदे मातरम्’ का होगा सामूहिक गायन
शासन के निर्देशानुसार, इस वर्ष सभी शासकीय स्वतंत्रता दिवस समारोहों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन अनिवार्य रहेगा। राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर को पूरे प्रदेश में विशेष रूप से मनाया जाएगा।
इन बलों की टुकड़ियां लेंगी हिस्सा
राज्य स्तरीय परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी तथा बैंड प्लाटून की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।
जिलों में मंत्री करेंगे ध्वजारोहण
जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। वहीं, जनपद पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर संबंधित जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे। कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रमुख आकर्षण रहेगा।
शहीद परिवारों का होगा सम्मान
शासन ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जिला स्तरीय समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए।
सरकारी भवनों पर होगी आकर्षक रोशनी
15 अगस्त की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। साथ ही आम नागरिकों और निजी संस्थानों से भी अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और रोशनी करने की अपील की गई है।
स्कूलों में होंगे विविध कार्यक्रम
शासकीय और निजी शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, साहित्यिक प्रतियोगिताएं, खेलकूद और वृक्षारोपण जैसे आयोजन किए जाएंगे। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी और केवल देशभक्ति से जुड़े मर्यादित गीत ही बजाए जा सकेंगे।
