बेमेतरा।
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। कक्षा में पढ़ाई के दौरान अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
यह घटना साजा विकासखंड के ग्राम गुवारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की है। जानकारी के अनुसार, दूसरी कक्षा के छात्र नियमित रूप से पढ़ाई कर रहे थे, तभी अचानक छत का प्लास्टर टूटकर नीचे गिर पड़ा। प्लास्टर सीधे बच्चों पर गिरने से तीन छात्र घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उनका आरोप है कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है और कई बार नए भवन की मांग की गई, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले ‘स्कूल जतन योजना’ के तहत छत की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन मरम्मत की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि प्लास्टर एक साल भी नहीं टिक सका। हादसे के बाद मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और संभावित अनियमितताओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों और परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए नए स्कूल भवन के शीघ्र निर्माण की मांग की है। अब सबकी नजर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।
