सरगुजा के मैनपाट में महिला की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम और निष्पक्ष जांच की मांग की।

 


अंबिकापुर।

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट से एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के कुनिया गांव निवासी मिनी यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष उसे फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, मिनी यादव की शादी करीब चार वर्ष पहले अनुज यादव से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में कार की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। उनका दावा है कि इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की हत्या की गई है।

घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष अस्पताल पहुंचा और मैनपाट में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।

मायके पक्ष ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

You missed