करगी रोड स्टेशन पर अचानक मची अफरा-तफरी! मालगाड़ी के 5 डिब्बे बेपटरी, नीचे मिला ऐसा सामान कि बढ़ गया सस्पेंस

 


बिलासपुर।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित करगी रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। यहां एक मालगाड़ी के पांच डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेपटरी हुए डिब्बों के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा हुआ मिला है। इस वजह से हादसे के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं और रेलवे ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ट्रैक और डिब्बों की जांच शुरू कर दी है।

वहीं, रेलवे प्रशासन बेपटरी हुए डिब्बों को हटाने, ट्रैक की मरम्मत करने और रेल परिचालन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य में जुटा हुआ है।

फिलहाल, हादसे की वास्तविक वजह का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रेलवे ने कहा है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

You missed