जशपुर के पत्थलगांव में अंधविश्वास की खौफनाक घटना, जादू-टोने के शक में ससुर ने विधवा बहू की ली जान; आरोपी गिरफ्तार।

 


जशपुर।

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से अंधविश्वास की एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के डुडुंगजोर गांव में एक व्यक्ति ने अपनी ही विधवा बहू को टोनही (जादू-टोना) होने के शक में लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय मृतका नबिना राठिया अपने घर के आंगन में मौजूद थी। तभी उसके ससुर सुखसिंह राठिया (50) ने उसे टोनही बताकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी घर के भीतर गया और लकड़ी का मोटा डंडा लेकर लौट आया। इसके बाद उसने महिला के सिर पर लगातार कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पत्थलगांव पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में आरोपी सुखसिंह राठिया ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसे संदेह था कि उसकी विधवा बहू उसके बच्चे पर जादू-टोना करती है। इसी अंधविश्वास और गुस्से में उसने बहू पर जानलेवा हमला कर दिया।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया

एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि अंधविश्वास और बेबुनियाद आरोप किस तरह एक परिवार को तबाह कर सकते हैं और एक निर्दोष व्यक्ति की जान ले सकते हैं।

You missed