सूरजपुर। अवैध बोल्डर खदान में हुए दर्दनाक हादसे के बाद सूरजपुर जिला प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। हादसे के बाद प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के तीन स्टोन क्रेशरों को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अवैध बोल्डर खनन के दौरान चट्टान गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना ने खनन कार्यों में बरती जा रही लापरवाही और नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।
हादसे के बाद प्रशासन ने जिले में संचालित खदानों और स्टोन क्रेशरों की जांच शुरू की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर तीन स्टोन क्रेशरों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलेभर में खदानों और क्रेशरों की जांच लगातार जारी है और जहां भी अनियमितता मिलेगी, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े कारोबारियों में चिंता का माहौल है, जबकि आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है।
