कांकेर में हड़कंप! दो बांग्लादेशी अवैध रूप से जन्म प्रमाणपत्र बनवाते पकड़े गए, आदिवासी समाज ने कहा – गुनहगारों को हो सख्त कार्रवाई

कांकेर: जिले के पखांजूर क्षेत्र में दो बांग्लादेशियों की गिरफ्तारी ने तहलका मचा दिया है। आदिवासी समाज लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध रूप से बांग्लादेशियों के रह रहे होने का मुद्दा उठा रहा है, और अब इस घटना के बाद मोर्चा खोलने की तैयारी कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, पखांजूर क्षेत्र में दोनों बांग्लादेशियों ने अवैध रूप से जन्म प्रमाण पत्र बनवा लिया था। तहसीलदार की शिकायत के बाद प्रशासन ने दोनों को गिरफ्तार कर वीजा जब्त कर लिया है।

सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष कन्हैया उसेंडी ने कहा कि समाज लंबे समय से आवाज उठा रहा है कि बांग्लादेशी अवैध रूप से यहां के निवासी बनने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जांच कर फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले सभी व्यक्तियों और अधिकारियों पर कार्रवाई हो

गिरफ्तार हुए आरोपी प्रशांत बैरागी एवं उसके पुत्र सुकृति बैरागी ग्राम पीव्ही 127 अनुपपुर में अवैध रूप से रह रहे थे। जांच में सामने आया कि दोनों का वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद वे यहां रह रहे थे। प्रशांत बैरागी ने अपने पुत्र का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील न्यायालय पखांजूर को गुमराह करते हुए फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए थे

पुलिस ने वीजा जब्त कर दोनों आरोपी—प्रशांत बैरागी और सुकृति बैरागी (ग्राम औसखली, पोस्ट कंचन नगर, थाना बोटियाघाट, जिला खुलना, बांग्लादेश)—को जेल भेज दिया है।