कांकेर। जिले में नक्सलियों की एक और बड़ी साजिश सुरक्षाबलों की सतर्कता के चलते नाकाम हो गई। जंगल के रास्ते में छिपाकर रखा गया 5 किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी समय रहते बरामद कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि यह विस्फोटक समय पर नहीं मिलता तो जवानों या आम लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के टेकमीटोला के जंगल और पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों की टीम सर्चिंग अभियान पर निकली हुई थी। इसी दौरान जवानों की नजर रास्ते में संदिग्ध रूप से प्लांट किए गए एक प्रेशर कुकर आईईडी पर पड़ी।
विस्फोटक मिलने के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई और तत्काल बम निरोधक दस्ते (BDS) को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंची और तकनीकी उपकरणों की मदद से आईईडी की जांच की।
बीडीएस टीम ने बेहद सावधानी और सूझबूझ के साथ 5 किलोग्राम वजनी प्रेशर कुकर आईईडी को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया था।
सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि नक्सलियों ने जवानों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से इस आईईडी को रास्ते में लगाया था। हालांकि सुरक्षाबलों की सतर्कता और लगातार चलाए जा रहे सर्चिंग ऑपरेशन के कारण उनकी यह साजिश सफल नहीं हो सकी।
जंगलों में लगातार मिल रहे आईईडी यह संकेत दे रहे हैं कि नक्सली अब भी सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की कोशिश में जुटे हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां क्षेत्र में लगातार अभियान चलाकर हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
