जगदलपुर। सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। तेलंगाना के मुलुगु जिले के वाजेडू थाना क्षेत्र में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया गया। कार्रवाई के बाद बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया और सभी जवान सकुशल वापस लौट आए।

खुफिया सूचना पर चला सर्च ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया इनपुट मिला था कि पामुनुरु गांव के उत्तर स्थित कराईगुट्टा पहाड़ियों के घने जंगल में माओवादियों ने हथियार और विस्फोटक सामग्री छिपा रखी है। सूचना के आधार पर 39वीं बटालियन CRPF, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDS) ने संयुक्त अभियान शुरू किया।

सुबह शुरू हुई कार्रवाई, जंगल से मिला डंप

संयुक्त टीम ने सुबह करीब 5:30 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगभग 8:30 बजे संदिग्ध स्थान की तलाशी के दौरान माओवादी डंप का पता चला। तलाशी में सुरक्षा बलों ने हथियारों के साथ IED बनाने में उपयोग होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की।

क्या-क्या हुआ बरामद?

सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने:

  • 2 भरमार राइफल
  • 25 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर
  • जिलेटिन स्टिक
  • कॉर्डेक्स वायर
  • इलेक्ट्रिक वायर
  • 12 वोल्ट बैटरी
  • अन्य विस्फोटक एवं माओवादी सामग्री

बरामद की।

सभी जवान सुरक्षित लौटे

बरामद विस्फोटक सामग्री को बम निरोधक दस्ते की मदद से सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया गया। अभियान के दौरान किसी भी जवान को नुकसान नहीं पहुंचा और पूरी टीम सुरक्षित वापस लौट आई। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि क्षेत्र में माओवादियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।