महादेव ऐप केस में ED की कार्रवाई पर BJP का बड़ा दावा, बोले- अब न राजनीतिक रसूख चलेगा, न अफसरशाही बचेगी!

रायपुर। महादेव सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हालिया कार्रवाई के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्र सरकार की निष्पक्ष कार्रवाई का उदाहरण बताया है। भाजपा नेता नरेशचंद्र गुप्ता ने कहा कि विकास गर्ग के खिलाफ हुई कार्रवाई यह साबित करती है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी व्यक्ति को उसकी राजनीतिक पहचान या प्रभाव के आधार पर संरक्षण नहीं दिया जाएगा।

‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का बताया उदाहरण

नरेशचंद्र गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस द्वारा भाजपा पर चयनात्मक कार्रवाई और राजनीतिक द्वेष के लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है, जिसमें कानून सभी नागरिकों पर समान रूप से लागू होता है।

ED में सबसे पहले दर्ज कराई थी शिकायत

भाजपा नेता ने दावा किया कि महादेव सट्टा ऐप मामले में पहली आधिकारिक शिकायत पूर्व मंत्री राजेश मूणत और उन्होंने संयुक्त रूप से प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, इसी शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ी और कई प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई।

कई नेताओं और अधिकारियों पर जांच का जिक्र

गुप्ता ने कहा कि जांच के दौरान तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से जुड़े कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों, पूर्व मुख्यमंत्री, उनके पुत्र, एक विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और तत्कालीन प्रदेश कोषाध्यक्ष सहित कई लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई की गई है।

‘दोषी कोई भी हो, कार्रवाई हो’

भाजपा नेता ने जांच एजेंसियों से मांग की कि इस मामले में शामिल सभी प्रशासनिक और राजनीतिक प्रभावशाली व्यक्तियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के अंतिम कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कानून का शिकंजा हर दोषी तक पहुंचना चाहिए, चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल या पद पर क्यों न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की गाढ़ी कमाई को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाकर न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए।