जगदलपुर: संभागीय मुख्यालय जगदलपुर से लगभग 7 किमी दूर ग्राम सेमरा स्थित प्लास्टिक रिसायकल प्लांट अज्ञात कारणों से बुधवार की मध्य रात्रि धूं-धूं कर जल गया। यह प्लांट लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में फैला था और लाखों रुपये की लागत से निर्मित किया गया था, जिसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा पहले अनावरण किया गया था।
प्लांट में संभाग भर के अनुपयोगी प्लास्टिक सामग्रियों को इकट्ठा कर रिसायकल किया जाता था। इसे छोटे-छोटे प्लास्टिक गोलियों के रूप में बदलकर पुनः प्लास्टिक उत्पादन के लिए भेजा जाता था। हालांकि आग लगने में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन प्लांट और उसमें रखी सभी सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई।
आस-पास के ग्रामीणों का अनुमान है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। इस प्लांट के बंद होने से स्थानीय लोगों को मिलने वाला रोजगार भी प्रभावित होगा और कई लोग पुनः बेरोजगार हो सकते हैं।
इस घटना से लाखों रुपये की संपत्ति और निवेश का नुकसान होने की संभावना है। प्रशासन द्वारा अब कारणों की जांच की जा रही है।
