कांकेर। पुलिस का काम सिर्फ अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि समाज में मानवीय मूल्यों को बनाए रखना भी है। इसका जीवंत उदाहरण पेश किया है कांकेर जिला पुलिस ने।
थाना ताड़ोकी पुलिस ने सूचना मिलने पर दो दिनों से जंगल और खेतों में भटक रहे मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति नेहमिया मुंडु (33 वर्ष) को सुरक्षित पकड़ा। पुलिस ने उसे पहले भोजन-पानी और कपड़े उपलब्ध कराए, फिर थाने ले जाकर स्वास्थ्य परीक्षण के लिए CHC अंतागढ़ रवाना किया।
जानकारी मिलने पर झारखंड के जिला खुंटी से नेहमिया मुंडु के परिवारजन कांकेर पहुंचे और पुलिस की निगरानी में वह सुरक्षित परिजनों के पास लौटा।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चंद्रवंशी और उनकी टीम ने संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आई.के. एलिसेला और अन्य अधिकारियों ने टीम की सराहना की और इसे पुलिस की मानवीय छवि को दर्शाने वाला उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कांकेर पुलिस की यह पहल साबित करती है कि कानून और मानवता का संतुलन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है जितना अपराध नियंत्रण।
