CG Cyber Crime: भाजपा विधायक का WhatsApp हैक, परिचितों से मांगे जा रहे पैसे, विधायक ने VIDEO जारी कर दी चेतावनी

कांकेर। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब जनप्रतिनिधि भी उनके निशाने पर आ गए हैं। कांकेर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक आशाराम नेताम का आधिकारिक WhatsApp नंबर हैक कर लिया गया है। हैकर्स उनके नंबर का इस्तेमाल कर क्षेत्र के लोगों, समर्थकों और परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग कर रहे हैं। घटना सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

विधायक आशाराम नेताम ने खुद वीडियो जारी कर इस साइबर धोखाधड़ी की जानकारी सार्वजनिक की है। उन्होंने बताया कि उनका आधिकारिक WhatsApp नंबर हैक हो गया है और इस नंबर के जरिए लोगों को अलग-अलग संदेश भेजकर रुपये मांगे जा रहे हैं। विधायक ने आम जनता और अपने समर्थकों को आगाह करते हुए स्पष्ट कहा है कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी पैसे मांगने वाले मैसेज पर भरोसा न करें और किसी भी स्थिति में आर्थिक लेन-देन न करें।

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल साइबर सेल मामले की जांच में जुटी है और हैकर्स की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की कोशिश की जा रही है।