होटल कारोबारी दीपक टंडन की पत्नी बरखा गिरफ्तार, सक्ती में भी दर्ज हुई एक और FIR, 15 लाख की ठगी का आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के मामलों में रायपुर की तेलीबांधा पुलिस ने पूछताछ के बाद बरखा टंडन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरी ओर सक्ती जिले में भी दीपक टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और मामला दर्ज किया गया है। उन पर कोयला कारोबारी को बड़ा टेंडर दिलाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये लेने का आरोप है।

दरअसल, दीपक टंडन और उनकी पत्नी के खिलाफ अलग-अलग मामलों में शिकायतें सामने आई हैं। रायपुर में धोखाधड़ी समेत कुल तीन मामलों में एफआईआर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इन्हीं मामलों की जांच के सिलसिले में तेलीबांधा पुलिस ने बरखा टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है। अब बरखा टंडन को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

सक्ती में कोयला कारोबारी से 15 लाख की ठगी का आरोप

बिलासपुर और रायपुर के बाद अब सक्ती जिले में भी होटल कारोबारी दीपक टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। यहां कोयला कारोबारी से बड़ा टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में कोतवाली थाना में कोयला कारोबारी किशन शर्मा ने शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के मुताबिक, अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन ने किशन शर्मा को कोयला कारोबार से जुड़ा बड़ा टेंडर दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में उनसे 15 लाख रुपये लिए गए। आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो उन्हें टेंडर दिलाया गया और न ही उनकी रकम वापस की गई। इसके बाद किशन शर्मा ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर सक्ती पुलिस ने दीपक टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।