जल्दी अमीर बनने की सनक में हैवान बना युवक, 5 साल के मासूम को शराब पिलाकर उतारा मौत के घाट, शव के साथ की दरिंदगी

जशपुर में मासूम की निर्मम हत्या से सनसनी, सोशल मीडिया पर बच्चों के अंग बेचकर पैसे कमाने के तरीके तलाश रहा था आरोपी; खेत में गड्ढे से बरामद हुआ शव

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। सन्ना थाना क्षेत्र में महज 4-5 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, जल्दी और ज्यादा पैसा कमाने की सनक में 27 वर्षीय युवक ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। आरोपी सोशल मीडिया पर कम समय में अमीर बनने के तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

तीन दिन से लापता था मासूम, खेत में मिला शव

पुलिस के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम (36) ने 7 नवंबर 2026 को सन्ना थाने में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवार करीब एक साल पहले मजदूरी करने के लिए सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रह रहा था।

परिजनों ने बताया कि 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे बासुदेव उर्फ टंगनू उनके घर के पास पहुंचा था। वह रामजीत राम और एक अन्य परिचित को अपने साथ शराब पीने के लिए ले गया। बाद में सभी अलग-अलग हो गए। जब रामजीत अपनी झोपड़ी लौटा तो उसका बेटा जितेंद्र वहां नहीं था। तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्चे को बासुदेव के साथ खेत में बनी झोपड़ी की ओर जाते देखा था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

7 नवंबर की सुबह परिजन फिर तलाश करते हुए सन्ना गांव के एक खेत में पहुंचे। वहां मक्का की बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी मिली। बोरी के अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा मासूम का शव रखा हुआ था। शव मिट्टी से हल्का दबा हुआ था। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

सोशल मीडिया पर खोज रहा था जल्दी अमीर बनने का तरीका

मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू (27), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ, थाना सन्ना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब एक साल से सन्ना में मजदूरी कर रहा था और एक खेत में बनी झोपड़ी में रहता था। मजदूरी से मिलने वाली रकम से वह संतुष्ट नहीं था और कम समय में ज्यादा पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर तरह-तरह के तरीके तलाशता रहता था। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।

शराब पिलाकर मासूम की हत्या करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 5 नवंबर को वह जितेंद्र को बहला-फुसलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया था। इसके बाद वह बच्चे को महानदी डेम के पास सौर ऊर्जा प्लेट के नीचे ले गया और कुछ समय बाद जंगल की ओर घुमाने के बाद वापस लौटा। आरोपी बच्चे को लेकर सन्ना खुटाटांगर गया, जहां से उसने शराब और मुर्गा खरीदा। वापस लौटकर उसने मुर्गा बनाया और बच्चे को भी शराब पिलाई। पुलिस के मुताबिक, बच्चा नशे में सो गया तो आरोपी ने पहले से अपने पास रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।

शव के अंग निकालकर बाल्टी में रखे, खेत में छिपाया

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि हत्या के बाद उसने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आंखें निकालकर प्लास्टिक की बाल्टी में रख दी थीं। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भर दिया और बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में मिट्टी के नीचे दबा दिया। आरोपी ने कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और शरीर से निकाले गए अंगों को भी प्लास्टिक की बाल्टी में रखकर बांस के झुरमुट के पास गड्ढा खोदकर छिपाया था।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्चे का शव, हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी और अन्य संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त कर ली है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने थाना सन्ना में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज, प्रधान आरक्षक सुमन टोप्पो, रविंद्र एक्का, विजय खूंटे तथा आरक्षक महेश्वर यादव, प्रवीण खलखो और बलबीर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।