दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं!सराफा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत

सिवनी के छपारा में तड़के 4 बजे हुआ दर्दनाक हादसा, मृतकों में 75 वर्षीय बुजुर्ग से लेकर 16 साल का किशोर शामिल, चार लोग गंभीर रूप से घायल

सिवनी। मध्य प्रदेश में दिवाली की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सिवनी जिले के छपारा कस्बे में एक नामी सराफा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

तड़के 4 बजे मकान में भड़की आग

जानकारी के मुताबिक, दिवाली के अगले दिन तड़के करीब 4 से 4:30 बजे के बीच छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में जैन मंदिर के पास स्थित सराफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के मकान में आग लग गई। हादसे के वक्त घर में करीब 10 लोग मौजूद थे। परिवार के सभी सदस्य दिवाली का त्योहार मनाने के बाद गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से मकान में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल पहुंची, लेकिन छह लोगों को नहीं बचाया जा सका

मकान से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत और बचाव अभियान के दौरान चार लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक परिवार के छह सदस्यों की जान जा चुकी थी।

75 साल के बुजुर्ग से 16 साल के किशोर तक की मौत

इस भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वालों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है। मृतकों में तीन महिलाएं और एक नाबालिग भी शामिल हैं। एक ही परिवार के छह लोगों की मौत से छपारा कस्बे में शोक की लहर है।

आग लगने की वजह अब तक साफ नहीं

पुलिस के मुताबिक, मकान में आग किस वजह से लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी में आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

कटनी में भी आग ने उजाड़ा परिवार

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में भी दिवाली के दौरान भीषण अग्निकांड की खबर सामने आई है। यहां एक दुकान में आग लगने की घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत की सूचना मिली है। मृतकों में महज दो महीने का मासूम बच्चा भी शामिल बताया गया है। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने दिवाली के त्योहार के बीच कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं।