महाराष्ट्र के ठाणे स्थित रहेजा गार्डन कॉम्प्लेक्स में मची अफरा-तफरी, दमकल की कई गाड़ियों और स्काई लिफ्ट की मदद से लोगों को निकाला गया, राहत की बात किसी की मौत नहीं
ठाणे। दिवाली की रात महाराष्ट्र के ठाणे में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शहर के वागले एस्टेट इलाके में स्थित 17 मंजिला आवासीय इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सातवीं से 14वीं मंजिल तक लपटें पहुंच गईं। घटना के बाद पूरी इमारत में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान करीब 50 लोग इमारत में फंस गए, जिन्हें दमकल और बचाव दल की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रात 8:30 बजे इमारत में भड़की आग
अधिकारियों के मुताबिक, आग रविवार रात करीब 8:30 बजे वागले एस्टेट स्थित रहेजा गार्डन कॉम्प्लेक्स की कार्लाइल इमारत में लगी। 17 मंजिला इस आवासीय इमारत में कुल 28 फ्लैट हैं। शुरुआत में आग इमारत के एक हिस्से में लगी, लेकिन देखते ही देखते लपटें सातवीं से 14वीं मंजिल तक फैल गईं। आग इमारत के डक्ट में भी पहुंच गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
50 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, छत बनी बचाव का रास्ता
आग की सूचना मिलते ही ठाणे नगर निगम के दमकल विभाग और क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव अभियान के लिए दमकल की कई गाड़ियां, दो स्काई लिफ्ट वाहन, पानी की टंकियां और एंबुलेंस तैनात की गईं। बचावकर्मियों ने इमारत में फंसे करीब 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों को इमारत की छत और निर्धारित सुरक्षित स्थानों के रास्ते बाहर निकालने में मदद की गई।
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पहुंचे घटनास्थल
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और ठाणे के पालक मंत्री एकनाथ शिंदे ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बचाव अभियान का जायजा लिया और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रात 2:30 बजे आग पर पाया गया काबू
दमकल और बचाव दल की कई घंटों की मशक्कत के बाद रविवार देर रात करीब 2:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद इमारत में कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
