राजनांदगांव।
स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजनांदगांव जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिर आयुष, सड़क चिरचारी में प्रतिदिन सुबह योगाभ्यास सत्र आयोजित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों को न केवल नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, बल्कि उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से भी अवगत कराया जा रहा है।
योगाभ्यास सत्र के दौरान नागरिकों को नियमित व्यायाम करने, संतुलित आहार अपनाने तथा भोजन में नमक, तेल और शक्कर का सीमित उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही स्वस्थ दिनचर्या अपनाकर गंभीर बीमारियों से बचाव के बारे में भी जानकारी दी गई।
HPV टीकाकरण पर किया गया जागरूक
कार्यक्रम में एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान के तहत गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं के अभिभावकों को अपनी बेटियों का समय पर HPV टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया।
सोलर योजना की भी दी गई जानकारी
योग सत्र के दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लाभों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के माध्यम से घरों में सोलर पैनल लगवाकर बिजली की बचत के साथ सरकारी सहायता का लाभ भी लिया जा सकता है। ग्रामीणों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
अंकुरित चना-मूंग का हुआ वितरण
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को पौष्टिक आहार के रूप में अंकुरित चना और मूंग वितरित किया गया। इस अवसर पर ग्राम के सरपंच, प्रधान पाठक, आयुष्मान आरोग्य मंदिर सड़क चिरचारी का स्टाफ, योग प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
