रायपुर।
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चर्चित टीवी होस्ट और स्पोर्ट्स एंकर Shefali Bagga से रायपुर स्थित अपने जोनल कार्यालय में पूछताछ की। जांच एजेंसी को संदेह है कि उनका संबंध इस मामले के अहम आरोपी खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से हो सकता है, जिसके बाद उनसे कई अहम बिंदुओं पर सवाल-जवाब किए गए।
ईडी के मुताबिक, खंजन जगदीश कुमार ठक्कर महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क का प्रमुख हवाला ऑपरेटर माना जाता है। एजेंसी का दावा है कि वह भारत में महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े हवाला लेन-देन और वित्तीय नेटवर्क का संचालन करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि विदेश के शहरों, खासकर दुबई और लंदन से संचालित बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार में Shefali Bagga की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
डिजिटल सबूतों से बढ़ी मुश्किलें
जांच के दौरान ईडी को ऐसे डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल पेज मिले हैं, जिनमें Shefali Bagga कथित तौर पर बेटिंग ऐप का प्रचार करती नजर आ रही हैं। एजेंसी का दावा है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर खिलाड़ियों को बेटिंग से जुड़े टिप्स भी दिए जाते थे। हालांकि, इन आरोपों पर Shefali Bagga की ओर से सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
टेलीग्राम चैनल भी जांच के घेरे में
ईडी की जांच में Shefali Bagga का एक टेलीग्राम चैनल भी रडार पर है। एजेंसी का आरोप है कि इस चैनल के माध्यम से गैर-कानूनी बेटिंग प्लेटफॉर्म्स का प्रमोशन और उनसे जुड़ी जानकारी साझा की जाती थी। फिलहाल ईडी डिजिटल रिकॉर्ड, वित्तीय लेन-देन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।
जांच जारी
प्रवर्तन निदेशालय ने फिलहाल मामले में पूछताछ पूरी कर ली है। एजेंसी का कहना है कि जांच के दौरान मिले तथ्यों और पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यह मामला पहले से ही देश के सबसे चर्चित ऑनलाइन बेटिंग और हवाला नेटवर्क मामलों में शामिल है।
