महासमुंद:
महासमुंद जिले में जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागबाहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम घुचापाली स्थित चंडी मंदिर के पीछे जंगल में संचालित जुए के फड़ पर देर रात छापा मारा। पुलिस की दबिश पड़ते ही मौके पर भगदड़ मच गई। इस दौरान 12 जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि 4 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल में 52 पत्ती ताश पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर बागबाहरा पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर कार्रवाई की और मौके से 12 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 60 हजार 100 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 14 मोबाइल फोन, 5 मोटरसाइकिल, 2 कार और एक सीएफएल बल्ब बरामद किया गया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 20 लाख 35 हजार 100 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 (छोटे संगठित अपराध) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि फरार चार आरोपियों की तलाश जारी है।
