सरगुजा में चोरी का हैरान करने वाला खुलासा, नौकर और ड्राइवर ही निकले मास्टरमाइंड; एक नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार।

 


सरगुजा:

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 5 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है जिसने सभी को चौंका दिया। जिस नौकर और ड्राइवर पर घर की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, वही अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने के आरोपी निकले। इतना ही नहीं, शक से बचने के लिए मुख्य आरोपी ने खुद को बंधक बनाकर पुलिस और लोगों को गुमराह करने की भी कोशिश की।

मामला अंबिकापुर के गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित सुभाष अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई कि 12 जुलाई को वह परिवार और दोस्तों के साथ बाहर गए हुए थे। घर की देखरेख की जिम्मेदारी उन्होंने अपने नौकर ईश्वर यादव और ड्राइवर को सौंपी थी। इसी दौरान दोनों ने पहले से बनाई गई साजिश के तहत अपने दो साथियों को बुलाकर घर में रखे 5 लाख रुपये चोरी कर लिए।

खुद को बंधक बनाकर रची झूठी कहानी

वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस को भ्रमित करने के लिए फिल्मी अंदाज में कहानी रची। मुख्य आरोपी ईश्वर यादव ने अपने हाथ-पैर बंधवाए और शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। उसने दावा किया कि नकाबपोश बदमाश घर में घुसे, उसके साथ मारपीट की, हाथ-पैर बांध दिए और अलमारी से नकदी लेकर फरार हो गए।

पूछताछ में खुल गई पूरी साजिश

घटना की सूचना मिलने पर सुभाष अग्रवाल तत्काल अंबिकापुर पहुंचे और गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान नौकर और ड्राइवर के बयान बार-बार बदलने लगे, जिससे पुलिस को उन पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की साजिश और वारदात कबूल कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पॉलिटेक्निक कॉलेज के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया चोरी का पूरा कैश बरामद कर लिया। मामले में एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।