प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना से हड़कंप, लॉज संचालक और विवाहित महिला गिरफ्तार

राजनांदगांव। शहर के जमातपारा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते इलाके में हंगामा खड़ा हो गया और एक युवक की लोगों ने जमकर पिटाई भी कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए कैलाश लॉज के संचालक सहित एक विवाहित महिला को गिरफ्तार कर लिया।

बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रीमन कुमार जैन उर्फ अप्पू जैन (45 वर्ष) निवासी केशर नगर, गायत्री स्कूल के पास, राजनांदगांव के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि जमातपारा स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में संदिग्ध गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है।

सूचना के बाद जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां बड़ी संख्या में लोग जमा थे। जांच के दौरान एक संदिग्ध महिला मिली, जिसने कैलाश लॉज संचालक प्रीमन कुमार जैन के साथ वहां आने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। वहीं, पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

घटना के बाद जमातपारा क्षेत्र में माहौल गर्म है और लोग इस मामले में विस्तृत जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।