जांजगीर-चांपा। जिले की जिला जेल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म के आरोप में बंद एक युवक का शव जेल के बाथरूम में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दुवास राम के रूप में हुई है, जो कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के जवाली गांव का निवासी था। उसे 8 जून को बलौदा पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने, अपहरण और अनाचार के मामले में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह जब सफाईकर्मी नियमित सफाई के लिए बाथरूम पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कैदी का शव बाथरूम की खिड़की से कपड़ों के सहारे बनाए गए फंदे पर लटका हुआ था। घटना की जानकारी तत्काल जेल अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और साइबर सेल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जेल के भीतर हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर गिरफ्तारी के एक दिन बाद ही बंदी ने यह कदम क्यों उठाया? क्या वह मानसिक दबाव में था या इसके पीछे कोई और वजह है? इन सवालों के जवाब अब जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आ पाएंगे।
