सरकारी स्कूलों की हकीकत आई सामने! विधानसभा में शिक्षा मंत्री का बड़ा खुलासा—नियम के बावजूद पूरी नहीं हो पा रही टीचरों की संख्या

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों को लेकर विधानसभा में एक अहम खुलासा हुआ है। राज्य के कई स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात के नियम का पालन नहीं हो पा रहा है। इस बात को खुद शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने विधानसभा में स्वीकार किया है।

विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान मंत्री ने बताया कि नियम के मुताबिक हर 30 छात्रों पर एक शिक्षक होना अनिवार्य है, लेकिन फिलहाल प्रदेश के सभी स्कूलों में यह व्यवस्था पूरी तरह लागू नहीं हो पाई है।

यह जानकारी मंत्री ने कांग्रेस विधायक राघवेंद्र सिंह के सवाल के जवाब में दी। विधायक राघवेंद्र सिंह ने सरकार से पूछा था कि क्या राज्य के सभी स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात के नियम का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या सरकार इस संबंध में कोई नया आदेश जारी करेगी और शिक्षकों की नई भर्ती करेगी, ताकि सभी स्कूलों में निर्धारित अनुपात लागू किया जा सके।

जवाब में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने माना कि फिलहाल सभी स्कूलों में यह मानक पूरा नहीं हो पाया है, लेकिन सरकार स्थिति को सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर की जा सके।