कोरबा। जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबारियों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। सघन पेट्रोलिंग के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने वाले 10 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने शहर के इमली डुग्गू, सीतामढ़ी, संजय नगर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रात के समय बाइक से सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से शराब की बिक्री करते हुए लोगों को पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर दो लोगों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इनमें इमली डुग्गू निवासी लक्ष्मी नारायण (42) और संजय नगर, चांपा निवासी गौतम दास (19) शामिल हैं।
वहीं, सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पाए जाने पर पुलिस एक्ट की धारा 36 (च) के तहत इमली डुग्गू निवासी रामेश्वर साहू और सीतामढ़ी निवासी भूपेंद्र पटेल के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
इसके अलावा कोतवाली पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत अवैध रूप से शराब बेचने वाले 10 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें
विजय कुमार, हिदायत खान, रमेश देवांगन, अशोक यादव, मुनाराम साहू, मुरारी मेनचे, गंगू राम, रामू राम, विष्णु कुमार और जितेंद्र यादव शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में अवैध शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
