श्मशान घाट के पास चल रहा था जुए का खेल! पुलिस की अचानक रेड से मचा हड़कंप, 8 जुआरी रंगे हाथों गिरफ्तार

धमतरी। जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत भखारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्राम सेमरा बी के श्मशान घाट के आगे स्टॉप डेम के पास की गई, जहां कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों की बाजी लगाकर ‘काट पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे थे।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना भखारा का पेट्रोलिंग स्टाफ रात्रि गश्त पर निकला हुआ था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेमरा बी के श्मशान घाट के आगे डेम के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।

पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भागने में सफल हो गए, लेकिन कई जुआरी मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिए गए। मौके पर जुआ खेलते पाए जाने पर सभी आरोपियों के खिलाफ थाना भखारा में अपराध क्रमांक 28/26 के तहत धारा 3(2) जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार जुआरियों के नाम

  1. लोकेश कुमार सिन्हा (40 वर्ष), निवासी सेमरा बी थाना भखारा

  2. मयंक सिन्हा (25 वर्ष), निवासी सेमरा बी थाना भखारा

  3. भुपेश्वर सिन्हा (29 वर्ष), निवासी सेमरा बी थाना भखारा

  4. हसन खान (38 वर्ष), निवासी सेमरा बी थाना भखारा

  5. छबि सोनकर (34 वर्ष), निवासी सिलघट थाना भखारा

  6. राजू साहु (31 वर्ष), निवासी सुपेला थाना भखारा

  7. कमलेश सोनकर (38 वर्ष), निवासी कौही थाना रानीतराई जिला दुर्ग

  8. राजेश साहु (36 वर्ष), निवासी कौही थाना रानीतराई जिला दुर्ग

पुलिस ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।