देखते ही देखते धू-धू कर जली राइस मिल! हजारों क्विंटल धान राख, दो घंटे बाद भी बेकाबू आग से मचा हड़कंप

सारंगढ़। शहर से करीब 6 किलोमीटर दूर कटेली रोड स्थित केजरी राइस मिल में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मिल परिसर में रखे हजारों क्विंटल धान इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की सड़क से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राइस मिल के अंदर बड़ी मात्रा में धान का भंडारण किया गया था और आसपास सूखे छिलकों (भूसे) की मौजूदगी ने आग को और भड़काने का काम किया। यही वजह रही कि मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को भी आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

बताया जा रहा है कि आग इतनी भयानक है कि लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर से दिखाई दे रहा है। घटना के दो घंटे बाद भी आग पूरी तरह से काबू में नहीं आ सकी है और दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

हालांकि आग लगने की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि आसपास के खेतों में पराली जलाने की वजह से आग मिल परिसर तक पहुंच गई हो सकती है।

मिल में भारी मात्रा में धान का स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

वहीं दमकल वाहनों की कमी के कारण आग बुझाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन, मिल कर्मचारी और आसपास के लोग भी आग पर काबू पाने के प्रयास में लगे हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल दमकल कर्मियों की कोशिश जारी है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं।