तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर नाली में गिरी, दोस्त गंभीर घायल
बिलासपुर। शहर के तोरवा क्षेत्र के हेमू नगर से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। रविवार रात घर से घूमने निकले दो युवक जब देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। सुबह तलाश के दौरान जो मंजर सामने आया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया।
सड़क किनारे नाली में बाइक गिरी मिली और उसी में एक युवक की लाश, जबकि उसका साथी गंभीर हालत में पड़ा मिला।
रात को घूमने निकले, सुबह नाली में मिली बाइक
जानकारी के मुताबिक, हेमूनगर वाम्बे आवास में रहने वाला राहुल यादव (26) रोजी-मजदूरी करता था। रविवार रात वह अपने ही अपार्टमेंट में रहने वाले दोस्त सुमित यादव (20) के साथ बाइक से घूमने निकला था।
रातभर दोनों के घर न लौटने पर परिजन उन्हें खोजने निकले। सुबह करीब 5 बजे किसी राहगीर ने सड़क किनारे नाली में गिरी बाइक देखी और आसपास के लोगों को सूचना दी।
नाली से निकाले गए युवक, एक ने तोड़ा दम
सूचना मिलते ही पुलिस, परिजन और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को नाली से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राहुल यादव को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल सुमित यादव को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, बाद में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह? जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर नाली में गिर गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
