प्रेमी की मौत का सदमा नहीं सह पाई किशोरी, चुन्नी से फांसी लगाकर खत्म की जिंदगी

दिल्ली में प्रेमी की आत्महत्या की खबर मिली, अगले ही दिन नाबालिग ने भी उठा लिया खौफनाक कदम

बैकुंठपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेमी से जुदाई और उसकी मौत का गहरा सदमा एक नाबालिग किशोरी बर्दाश्त नहीं कर पाई। किशोरी ने तोरवा क्षेत्र में रहने वाली अपनी बुआ के घर पर चुन्नी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

घटना उस वक्त हुई जब घर के अन्य सदस्य अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे। इसी दौरान किशोरी ने अकेले में यह खौफनाक कदम उठा लिया।


दिल्ली भागी थी प्रेमी के साथ, फिर बदली किस्मत

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि किशोरी कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ दिल्ली चली गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश कर किसी तरह उसे वहां से वापस लाया। घर लाने के बजाय उसे तोरवा में रहने वाले रिश्तेदारों के घर छोड़ा गया था।

इसी बीच रविवार को किशोरी के प्रेमी द्वारा दिल्ली में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली। यह खबर किशोरी के लिए मानसिक रूप से तोड़ देने वाली साबित हुई।


खबर मिलते ही टूट गई किशोरी, अगले दिन लगा ली फांसी

पुलिस के अनुसार, प्रेमी की आत्महत्या की जानकारी मिलने के अगले ही दिन किशोरी ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। आशंका जताई जा रही है कि किशोरी गहरे मानसिक तनाव और सदमे में थी।


पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम कराया गया

सीएसपी गगन कुमार (IPS) ने बताया कि बैकुंठपुर जिले की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी ने तोरवा क्षेत्र में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।