तेज रफ्तार ने छीन ली एक होनहार ज़िंदगी

सड़क हादसे में घायल युवा इंजीनियर अविनाश गुप्ता ने रायपुर अस्पताल में तोड़ा दम, पूरे नगर में शोक

बलौदाबाजार। तीन दिन पहले सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवा इंजीनियर व व्यवसायी अविनाश गुप्ता का रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान आज दुखद निधन हो गया। इस खबर के फैलते ही परिवार, मित्रों और पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि अविनाश अपने परिवार के इकलौते पुत्र थे, जिससे यह दुख और भी गहरा हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अविनाश गुप्ता हाईस्कूल रोड, नगरपालिका के पास स्थित अपने निवास से दुकान जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार तीन-सवार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अविनाश सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से उनकी हालत नाजुक होने पर रायपुर रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तीन दिन की जंग के बाद आज उन्होंने दम तोड़ दिया।

यह हादसा एक बार फिर हाईस्कूल रोड की खतरनाक स्थिति को उजागर करता है। यह मार्ग नगर के सबसे व्यस्त रास्तों में शामिल है, जहां हाईस्कूल, कन्या महाविद्यालय, डी.के. महाविद्यालय, कलेक्टर कार्यालय सहित कई शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं। कॉलेज समय में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से यहां दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर यातायात पुलिस की स्थायी तैनाती, गति सीमा के सख्त पालन और सुरक्षा उपायों को तत्काल लागू किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे दर्दनाक हादसे दोहराते रहेंगे।

अविनाश गुप्ता की असमय मौत ने न सिर्फ उनके परिवार को, बल्कि पूरे बलौदाबाजार नगर को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह हादसा एक कड़ी चेतावनी है कि तेज रफ्तार और लचर सड़क सुरक्षा किसी की भी ज़िंदगी पल भर में छीन सकती है।