बिलासपुर: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक घरेलू विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। महज एक हजार रुपये के विवाद में पति ने आपा खोते हुए अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। पत्नी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी, तो कुछ ही पलों बाद आरोपी पति ने भी खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया।
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पीड़िता की मां मंगली बाई ने बताया कि शनिवार शाम करीब एक हजार रुपये चोरी होने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पत्नी का आरोप था कि पैसे उसके पति ने लिए हैं। यही विवाद रविवार सुबह फिर से शुरू हुआ और देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
सुबह करीब 10 बजे गुस्से से बेकाबू पति ने चाकू उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया। पत्नी खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी पति ने भी खुद को चाकू मार लिया। मोहल्ले वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
इस दिल दहला देने वाली घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि पति-पत्नी के चार छोटे बच्चे हैं, जो इस मंजर को देखकर सदमे में हैं। परिवार की आर्थिक हालत बेहद खराब बताई जा रही है। मंगली बाई के अनुसार, परिवार भीख मांगकर अपना जीवन यापन करता है।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह मामला घरेलू हिंसा का प्रतीत होता है। पीड़िता और आरोपी के बयान तथा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
