बिलासपुर NH पर बेकाबू ट्रेलर का कहर: ग्रामीण की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर 6 किमी तक जाम

बिलासपुर: नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मिलनदास (55) नामक ग्रामीण को कुचल दिया। हादसा पाली थाना क्षेत्र के रतनपुर–पाली मार्ग पर हुआ। मृतक रात में अपना काम निपटा कर घर लौट रहे थे। ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद गुस्साए लोग और मृतक के परिजन बिलासपुर–कोरबा NH पर जाम लगाकर मुआवजे की मांग करने लगे। करीब 6 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी रही। बाद में मुआवजा राशि देने के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के बाद ट्रेलर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पाली थाना पुलिस, रतनपुर टीआई निलेश पांडेय और एडिशनल एसपी अर्चना झा ने घटनास्थल पर जाकर भीड़ को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने कहा कि ड्राइवर की जल्द गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।