टिटलागढ़–रायपुर पैसेंजर ट्रेन में मिली युवक की लाश…..

फांसी के फंदे से लटका मिला शव, स्टेशन पर मचा हड़कंप

रायपुर:  छत्तीसगढ़ में टिटलागढ़–रायपुर पैसेंजर ट्रेन के भीतर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी गई।

रायपुर स्टेशन पर जांच में जुटी रेलवे पुलिस

जानकारी के अनुसार, ट्रेन के रायपुर स्टेशन पहुंचने पर कोच के अंदर युवक का शव संदिग्ध हालत में देखा गया। इसके बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है।

युवक की पहचान और कारणों की जांच जारी

फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसके पास मिले सामान और अन्य सुरागों के आधार पर पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।