बिलासपुर: सुबह की सैर एक प्रॉपर्टी डीलर के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची। मॉर्निंग वॉक पर निकले प्रॉपर्टी डीलर रवि सिंह को पीछे से तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया, जिससे वे करीब 15 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उन्हें सिर, चेहरे, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है।
मोबाइल पर बात करते समय हुआ हादसा
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे उसलापुर प्रकृति विहार निवासी प्रॉपर्टी डीलर रवि सिंह रोज़ की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। उसलापुर स्मार्ट सिटी रोड पर वे अपने दोस्त से मोबाइल पर बात करते हुए सड़क किनारे पैदल चल रहे थे। इसी दौरान उसलापुर ब्रिज की ओर से आ रही एक बेलगाम तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर मारकर फरार हुआ चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रवि सिंह करीब 15 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद कार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब उनके दोस्त मौके पर पहुंचे तो सड़क पर लोगों की भीड़ लगी हुई थी और रवि सिंह गंभीर हालत में पड़े थे। तत्काल उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
यह पूरी दुर्घटना सड़क पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कार चालक खतरनाक तरीके से तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए जानबूझकर टक्कर मारकर फरार होता है। पीड़ित पक्ष ने CCTV फुटेज के साथ कार चालक का नाम तक पुलिस को सौंप दिया है।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इतने गंभीर मामले के बावजूद पुलिस ने केवल बीएनएस की धारा 125 ए और 281 के तहत साधारण अपराध दर्ज कर खानापूर्ति कर ली है। जबकि हादसा जानलेवा था और आरोपी चालक अभी भी फरार है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन गंभीर चोटों और स्पष्ट CCTV सबूतों के बावजूद हल्की धाराओं में मामला दर्ज होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पीड़ित परिवार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
