रायगढ़ में ट्रैक्टर दुर्घटना: 5 साल की मासूम बच्ची की मौत

रायगढ़: जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें 5 वर्षीय मासूम बच्ची बालमती चौहान की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। बच्ची अपने गांव की गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार, रविवार की देर शाम ग्राम जमुना की निवासी बालमती चौहान अपने दोस्तों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान चंदन चौहान, ट्रैक्टर चला रहे थे, ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बच्ची को ठोक दिया। इसके कारण बालमती को सिर में गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ हो गई।

स्थानीय लोगों ने घटना देख तुरंत मौके पर जुटकर बच्ची को एंबुलेंस से लैलूंगा अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया

मासूम की मौत के बाद परिवार और ग्रामीणों में शोक और गुस्सा फैला। बच्ची के पिता उग्रसेन चौहान की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से हमेशा दुर्घटना का खतरा रहता है, इसलिए सड़क सुरक्षा का पालन करना आवश्यक है।