रायपुर में पुलिस स्कॉर्पियो में शराबखोरी, ड्राइवर नशे में टुन्न मिला

रायपुर: राजधानी में एक पुलिस जीप में शराबखोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वीडियो में देखा गया कि ड्राइवर सहित दो-तीन युवक शराब के नशे में चूर होकर सो रहे थे। आसपास मौजूद लोगों ने ड्राइवर को नींद से जगाया, लेकिन वह कुछ समझ नहीं पा रहा था।

स्थानीय कांग्रेस नेता ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जिसे कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से भी साझा किया गया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार रात की है। वीडियो में रायपुर की स्कॉर्पियो पुलिस वाहन दिखाई दे रही है, जिसमें ड्राइवर सीट पर एक युवक और बगल की सीट पर दूसरा युवक सोया हुआ था। पीछे भी एक युवक सोता नजर आया। वाहन के दरवाजे के पास शराब की बोतलें और नमकीन रखी हुई थीं।

वीडियो बनाने वाले नेता ने बताया कि ड्राइवर ने शराब पीने की बात स्वीकार की और नशे में होने के कारण वह अन्य साथियों को उठाने की कोशिश कर रहा था। घटना रात 2 बजे की बताई जा रही है। चालक और उसके साथी कुछ लोगों को टक्कर मारने से बाल-बाल बच गए, क्योंकि वे स्वयं अपनी स्थिति को नहीं समझ पा रहे थे।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की संभावना है।