रायपुर: निजी दस्तावेजों का उपयोग कर फर्जी खाता खोलवाकर अवैध लेन-देन करने वाला चार वर्ष से फरार आरोपी बैंक कर्मचारी मनीष राव कदम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई प्रार्थी अजय कुमार यदु की शिकायत के बाद हुई।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी की दुकान मां सम्लेश्वरी ऑफसेट प्रिंटर्स के लिए वर्ष 2011 में मनीष राव कदम ने बैंक खाता खोलने के लिए दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर कराए। आरोपी ने प्रार्थी को झांसा दिया कि खाते में लेन-देन करना जरूरी नहीं है, और बैंक में ज्यादा खाते खोलने से उसका प्रमोशन जल्दी होगा। इस दौरान प्रार्थी के निजी दस्तावेज़ों की छायाप्रति और फोटो ली गई, और खाते खोलने के लिए 10,000 रुपए भी लिए गए।
साल 2019 में प्रार्थी को प्रवर्तन निदेशालय (ED) के माध्यम से जानकारी मिली कि उसके नाम पर एक फर्म का फर्जी खाता खोला गया और इसके जरिए विदेशों से अवैध रूपयों का लेन-देन किया गया। इस शिकायत पर थाना मौदहापारा में धारा 419, 420 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने विस्तृत पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतासाजी की। टीम को पता चला कि मनीष कदम रायपुर में मौजूद हैं। तत्परता से रेड कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी:
-
नाम: मनीष राव कदम
-
पिता का नाम: घनश्याम राव कदम
-
आयु: 45 वर्ष
-
पता: अविनाश कैपिटल होम्स, फेस 02, ब्लॉक C, म.नं. 513, थाना विधानसभा, रायपुर
पुलिस ने कहा कि इस तरह के मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और फर्जी लेन-देन करने वालों पर कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
